रांची: रांची जयनगर एक्सप्रेस (18605) अब तीन राज्यों की यात्रा करेगी। बिहार और झारखंड के बाद यह अब उड़ीसा के राउरकेला तक जाएगी। रेलवे बोर्ड ने राउरकेला तक इसके विस्तार को अनुमति दे दी है। हालांकि रांची रेल मंडल के सीपीआरओ नीरज कुमार ने इस संबंध में फिलहाल कुछ भी बताने से मना कर दिया है।
सीपीआरओ ने बताया कि उन्हें इस संबंध में आफिशियली कोई जानकारी नहीं दी गई है। रेलवे बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को राउरकेला से चलेगी । ट्रेन शाम में पांच बजे राउरकेला से खुलेगी और शाम 8.20 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 11.55 बजे इसका जयनगर पहुंचने की टाइमिंग है। जबकि जयनगर से ये बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। जयनगर से यह ट्रेन शाम 7.30 बजे चलेगी और रांची सुबह 10.55 बजे पहुंचेगी।