रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल(जैक) के नए अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार महतो बने। वहीं विनोद सिंह जैक के उपाध्यक्ष बने। इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री ने शुक्रवार को प्रेस को दी। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि अध्यक्ष को सभी पावर दिए जाएंगे। जिससे काम में तेजी आए, परेशानियां दूर हो। जैक अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल,जैक अध्यक्ष का चयन क्वालिफिकेशन के आधार पर 10 दिसंबर को हुआ। लॉटरी में डॉ अनिल कुमार महतो का नाम सामने आया। इसमें तीन लोगों का आवेदन आया था। जिसमें उषा किरण, डॉ. शब्बीर हुसैन और डॉ अनिल कुमार का नाम आया था। डॉक्टर अनिल कुमार महतो रांची यूनिवर्सिटी के एग्जामिनेशन कंट्रोलर रह चुके हैं। डॉक्टर अनिल कुमार महतो विनोद बिहारी विश्वविद्यालय कोल्हान के प्रो वीसी भी रह चुके हैं। जैक उपाध्यक्ष के रूप में डॉ विनोद सिंह का चयन हुआ है। उपाध्यक्ष पद के लिए एक ही आवेदन आया था। जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से झारखंड शिक्षा बोर्ड में कोई फैसला नहीं हो पा रहा था। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद रिक्त रहने की वजह से इंटर कॉलेज में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भी अधर में लटका हुआ था। नए अध्यक्ष के आने से कई परेशानियां दूर हो जाएंगी।