रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि धरती पुत्र वीर शहीद निर्मल महतो का नाम झारखंड के वजूद से जुड़ा है। उनके विचार, मूल्य, साहस एवं आदर्श को जिंदा रखना हर झारखण्डी और खासकर युवाओं की जिम्मेदारी है। महतो शनिवार को शहीद निर्मल महतो की जयंती पर खलारी में उनकी मूर्ति का अनावरण करने के मौके पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन की अलख जलाए रखने और युवाओं को लामबंद करने में निर्मल दा ने जो भूमिका अदा की, वह कभी भूला नहीं जा सकता। उनकी शहादत की लौ में एक तेज है, जिसमें तपने और झारखंड के सपने साकार करने के लिए अडिग रहना आजसू पार्टी की प्रतिबद्धता है। निर्मल दा का जीवन अलग राज्य की खातिर समर्पित था। उन्हें ज़ेहन में रखकर ही हम झारखंड का नवनिर्माण कर सकते हैं।