रांची। आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने कुख्यात अभिषेक प्रियदर्शी उर्फ लवकुश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी बिहार के अरवल से की गई है। उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एटीएस एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना पर शुक्रवार को एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंग के सरगना अभिषेक प्रियदर्शी उर्फ लवकुश शर्मा को बिहार राज्य के अरवल से गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुलिस मुख्यालय स्तर से पुरस्कृत किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि लवकुश के खिलाफ रांची के विभिन्न ने थाना क्षेत्रों में कुल 24 मामले दर्ज है। इनमें हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और फायरिंग करने सहित अन्य आरोप शामिल हैं। एसपी ने बताया कि लवकुश शर्मा गैंग ने 27 जनवरी को मोराबादी में कालु लामा की हत्या की थी। मामले में लवकुश फरार चल रहा था। इस दौरान वह रांची जिले के कारोबारियों से डरा-धमका कर रंगदारी वसूलता रहा। साथ ही कारोबारियों में भय और आतंक का माहौल पैदा कर रहा था।