- जिलाध्यक्षों की सूची से नाराज इरफान समर्थक भिड़ गये जिलाध्यक्ष से
- भारत जोड़ा यात्रा के दरम्यान राजेश ठाकुर पहुंचे थे जामताड़ा
जामताड़ा। कांग्रेस की अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। जिलाध्यक्षों की सूची को लेकर हुआ घमासान अभी थमा भी नहीं था कि जामताड़ा में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा में अंदरूनी कलह मारपीट में तब्दील हो गयी। जिलाध्यक्ष और विधायक इरफान अंसारी के समर्थक गुटों के बीच हुई इस झड़प में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ मारपीट हो गयी। हालांकि इज्जत बचाने के लिए कांग्रे्रसी इसे धक्का-मुक्की बता रहे हैं।
एक तरफ जिलाध्यक्ष, तो दूसरी तरफ विधायक इरफान ने निकाली यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा की अगुवाई में निकाली गयी, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश के कृषि मंत्री बादल शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी अपने समर्थकों के साथ अपने कोर्ट रोड स्थित आवास से निकले। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बादल पत्रलेख, जिला अध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा और अन्य वरीय कांग्रेसजनों के साथ कोर्ट चौक स्थित भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का आगाज किया।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान भिड़े समर्थक
बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद काफिला बैंक मोड़ स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचा। वहां पहले से मौजूद विधायक समर्थकों ने डॉ इरफान के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ नोंकझोक करने लगे। हंगामे पर उतारू विधायक समर्थकों ने पहले प्रदेश अध्यक्ष के बाडीगार्ड के साथ हाथापाई शुरू की, फिर मामला और बिगड़ गया।
दोनों गुटों के बीच होने लगी मारपीट
विधायक समर्थकों की हुड़दंगई देख जिलाध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा के समर्थक भी नारेबाजी करते हुए विधायक समर्थकों से भिड़ गये। दोनों ही पक्षों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई, फिर मारपीट में बदल गयी।
वरीय नेताओं ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर इस यात्रा को जामताड़ा के सुभाष चौक पर पहुंचाया। यहां माल्यार्पण के दौरान विधायक समर्थकों और जिला अध्यक्ष समर्थकों के बीच जम कर मारपीट हुई।