आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड लोकसेवा आयोग के माध्यम से नौकरी का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। आयोग ने नये साल में नियुक्तियों के लिए परीक्षा लेने का निर्णय लिया है। ऐसे में उम्मीद जतायी जा रही है कि नया साल नौकरियों के नाम होगा। आयोग अगले तीन महीने में 16 परीक्षा लेने जा रहा है। आयोग की ओर से इन परीक्षाओं के लिए डिटेल्स भी जारी कर दिया गया है। नये साल की पहली परीक्षा असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति की होगी। आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक आखिरी परीक्षा भी टीआरएल भाषा के असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए ही ली जायेगी। सभी नियुक्तियां साक्षात्कार परिणाम के आधार पर होंगी। झारखंड लोक सेवा आयोग ने अभी असिस्टेंट प्रोफेसर, पॉलिटेक्निक और डेंटिस्ट नियुक्ति के लिए तारीखों की घोषणा की है। सिविल सेवा परीक्षा का इंतजार कर रहे युवाओं को अभी और इंतजार करना होगा। हालांकि आयोग की ओर से 11वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा अप्रैल में लेने की बात कही गयी थी। लेकिन एक बार फिर सिविल सेवा नियुक्ति परीक्षा नियमावली में संशोधन को लेकर बात चल रही है। ऐसे में विज्ञापन के लिए इंतजार करना होगा।
संशोधन को लेकर बनी कमेटी
रूल्स में संशोधन के लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने कमेटी बनायी है। इसके अध्यक्ष वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव एल खियांग्ते बनाये गये हैं। वहीं, सदस्यों में वित्त विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह और कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल शामिल हैं। समिति को कार्मिक विभाग ने निर्देश दिया है कि समिति द्वारा संबंधित मामले में 15 दिनों के अंदर अनुशंसा की जायेगी। द झारखंड कंबाइंड सिविल सर्विसेज एग्जाम रूल्स 2021 में संशोधन के लिए जेपीएससी की ओर से जो प्रस्ताव भेजा गया है, उसमें कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो बदलाव रिजल्ट को लेकर हो सकता है। इसके तहत कुल सीटों के विरुद्ध कितने गुणा अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल हैं। मुख्य परीक्षा के बाद साक्षात्कार में कितने अभ्यर्थी शामिल होंगे। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के छूट और ओएमआर शीट को लेकर संशोधन हो सकता है। एक अहम संशोधन जो हो सकता है, वह है वेबसाइट पर ओएमआर सीट जारी करना। इसे लेकर भी कुछ संशोधन किये जा सकते हैं।
जानिए किस नियुक्ति के लिए कब होगा साक्षात्कार
असिस्टेंट प्रोफेसर-फिलोशफी- 17.01.2023, असिस्टेंट प्रोफेसर-जूलॉजी- 24.01.2023, असिस्टेंट प्रोफेसर-खोरठा – 31.01.2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- अंग्रेजी- 01.02.2023 और 02.02.2023, डेंटिस्ट- 07 से 09 फरवरी 2023, असिस्टेंट इंजीनियर- 13 और 14 फरवरी 2023, असिस्टेंट इंजीनियर (2019 वैकेंसी) – 15.02.2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- हिस्ट्री- 16 और 17 फरवरी 2023, केमिस्ट्री लेक्चरर इन पॉलिटेक्निक- 21 फरवरी 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर, नागपुरी- 24 फरवरी 2023, सिविल इंजीनियरिंग लेक्चरर इन पॉलिटेक्निक, 28 फरवरी 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- पोलिटिकल साइंस- 01 मार्च 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- हिंदी- 09 और 10 मार्च 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- ऊर्दू- 15 और 16 मार्च 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- इकोनॉमिक्स- 21 और 22 मार्च 2023, असिस्टेंट प्रोफेसर- पंचपरगनिया- 27 और 28 मार्च 2023।