आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। गुजरात विधानसभा के दूसरे फेज की वोटिंग सोमवार को खत्म हो गयी। अब 8 दिसंबर को गुजरात के साथ ही हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों का इंतजार है। अगले 72 घंटे में यह तय हो जायेगा कि इस बार दोनों राज्यों में भाजपा वापसी करेगी या फिर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) बाजी मार ले जायेगी। हालांकि इससे पहले सोमवार को आये एग्जिट पोल में गुजरात में 27 साल से सत्ता पर काबिज भाजपा रिकॉर्ड 7वीं बार सरकार बनाती दिख रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबले का अनुमान है। आप दांवों के मुताबिक कमाल करती नहीं दिखी, लेकिन दुनिया के सबसे बड़े निगम में से एक एमसीडी की सत्ता 15 साल बाद भाजपा के हाथ से फिसल कर आम आदमी पार्टी के हाथ में जाती दिख रही है।
गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड 7वीं बार बहुमत : तीन एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड 7वीं बार बहुमत की सरकार बनने का अनुमान है। भाजपा को 117 से 148 सीटें मिलने का दावा किया जा रहा है। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा को तब 99 सीटें मिली थीं। यानी भाजपा अपने पिछले प्रदर्शन से बेहतर करती नजर आ रही है। इधर कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगने का अनुमान है। कांग्रेस को तीन सर्वे में 30 से 51 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। पिछली बार कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। वहीं आम आदमी पार्टी अपने दांवों के विपरीत प्रदर्शन करती नजर नहीं आ रही है। यहां पार्टी 3 से 13 सीट के साथ खाता खोलती जरूर नजर आ रही है।

हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर : एग्जिट पोल के मुताबिक पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला है। पांच एजेंसी के सर्वे में भाजपा 32 से 40 के बीच यानी बहुमत के करीब दिख रही है, लेकिन कांग्रेस का भी आंकड़ा बहुमत को छूता नजर आ रहा है। पांचों सर्वे में कांग्रेस को भी 27 से 40 के बीच सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। यानी भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का है। वहीं आम आदमी पार्टी सिर्फ एक सर्वे में एक सीट लाती दिख रही है। एग्जिट पोल पर हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि अधिकांश एक्जिट पोल में यह देखने को मिल रहा है कि हिमाचल में भाजपा सरकार बनने जा रही है। 1-2 जगह ऐसी हैं जहां कांटे की टक्कर दिखायी जा रही है। मुझे लगता है कि हमें 8 तारीख यानी नतीजों के दिन का इंतजार करना चाहिए।

एमसीटी में पहली बार आप, 250 में से 146-171 सीटें जीतने का अनुमान : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के एग्जिट पोल आने शुरू हो गये हैं। शुरूआती रुझान में दुनिया के सबसे बड़े निगम में से एक एमसीडी की सत्ता 15 साल बाद भाजपा के हाथ से फिसलकर आम आदमी पार्टी (आप) के हाथ में जाती दिख रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया और टाइम्स नाउ-इटीजी के एग्जिट पोल के मुताबिक एमसीडी में आप की सरकार भारी बहुमत से बनती दिख रही है। भाजपा दूसरे और कांग्रेस का करीब पूरी तरह से सफाया होता दिख रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version