नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस का ध्येय स्थापना से लेकर आज तक सिर्फ राष्ट्रहित और जनसेवा ही रहा है। बुधवार को वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस के अवसर पर एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी बात रख रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास जिस पार्टी के त्याग, समर्पण और सशक्त नेतृत्व क्षमता से अलंकृत है, वही पार्टी देश के सुनहरे भविष्य की फिर कहानी लिखेगी। पार्टी को मजबूत और समावेशी बनाने के लिए हर जाति, समुदाय, युवा, महिला, वंचित,बुद्धिजीवी सबको साथ लेकर चलना होगा। कांग्रेस इस पथ पर अग्रसर है।

खड़गे ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से जन-जन की आवाज बन रहे हैं। उनकी इस यात्रा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।

उल्लेखनीय है कि आज कांग्रेस अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान खड़गे ने झंडा फहराया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। खड़गे आज शाम मुंबई के मसौमेया चूनाभट्टी ग्राउंड में कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे और जनसमूह को सम्बोधित करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version