आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के खिलाफ पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर सोमवार को मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक कांग्रेस बचाओ बैनर तले हुई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय अध्यक्ष से अविलंब हटाने की मांग की। साथ ही निर्णय लिया गया कि जनवरी के पहले सप्ताह में प्रदेश के कार्यकर्ता दिल्ली जायेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर वस्तु स्थिति से अवगत करायेंगे। उनके सामने प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग रखेंगे। साथ ही वह कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल होंगे और राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें भी मांग से अवगत करायेंगे।
गणेश परिक्रमा और रहमो करम पर अध्यक्ष बने: बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कहा कि झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रभारी आरपीएन सिंह ने कांग्रेस छोड़ने के ठीक पहले अपने चहेते को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। जिसकी ना तो कोई राजनीतिक पहचान रही और ना ही संगठन चलाने का कोई तजुर्बा ही था। वह गणेश परिक्रमा और रहमो करम पर अध्यक्ष बने। वह आज भी आरपीएन सिंह के इशारे पर भाजपा की गतिविधियों और एजेंडे को कांग्रेस पार्टी में संचालित कर रहे हैं। दूबे ने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष के मोबाइल की जांच की जाये, उनके आरपीएन सिंह से संपर्क का खुलासा हो जायेगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं। अगर अविलंब नहीं हटाया गया तो 2024 आते-आते यह आदमी पूरी पार्टी को लेकर भाजपा में भाग जायेगा। एक तरफ राहुल गांधी अपनी जान की बाजी लगा कर भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं और दूसरी तरफ यह व्यक्ति संगठन को कमजोर कर रहा है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि आज की बैठक कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए बुलायी गयी थी। जिला कमिटी, प्रदेश कमिटी के गठन के बाद सभी जिला से आक्रोश की आवाज आ रही है। सभी जिलों के नेता आज की बैठक को लेकर अपनी सहमति दे चुके हैं और प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की लड़ाई में निर्णायक संघर्ष को तैयार हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव साधु शरण गोप ने कहा कि जिला अध्यक्षों के मनोनयन में मुस्लिम, दलित, इसाई एवं महिलाओं को नजर अंदाज करना कांग्रेस पार्टी के लिए घातक साबित होगा, भले ही आपने बाद में इसकी भरपाई की हो।
बैठक में ये भी थे मौजूद: बैैठक में प्रदेश सचिव राकेश तिवारी, भरत रावत, होनी सिंह मुंडा, विनीता पाठक नायक, प्रदेश ओबीसी के महासचिव राजेश चंद्र राजू, समेत अन्य वरिष्ष्ठ नेता और गोड्डा, चाईबासा, बोकारो, गढ़वा समेत विभिन्न जिलों के पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version