रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय झारखंड दौरा 28 दिसंबर से शुरू हो रहा है। वह रविवार शाम करीब छह बजे विशेष विमान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सीधे राजभवन जाएंगी, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। सोमवार 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी। जमशेदपुर में वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति जमशेदपुर के जाहेरस्थान में आयोजित ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। कार्यक्रमों के समापन के बाद वह शाम को वापस रांची लौटेंगी और राजभवन में विश्राम करेंगी।

मंगलवार 30 दिसंबर को राष्ट्रपति मुर्मू गुमला जिले के दौरे पर जाएंगी। यहां रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव और एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। समारोह के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर रांची लौटेगा, जहां से वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक और बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक तक 200 मीटर के दायरे को नो फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है। यह व्यवस्था 28 दिसंबर की सुबह छह बजे से 30 दिसंबर की रात दस बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान निषेधाज्ञा लागू रहेगी और ड्रोन या किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version