बेगूसराय। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के सभी सांगठनिक जिलों में संगठन प्रभारी मनोनीत कर दिया है। इस सिलसिले में एक बार फिर बेगूसराय के सांसद प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता अमरेन्द्र कुमार अमर पर विश्वास जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने उन्हें खगड़िया का संगठन प्रभारी घोषित किया है।

अमरेन्द्र कुमार अमर को खगड़िया जिला का संगठन प्रभारी मनोनीत किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष है। तमाम लोग इन्हें बधाई देते हुए प्रदेश अध्यक्ष का आभार जता रहे हैं। लोगों ने कहा है कि बाल काल से विचार परिवार से जुड़े अमर ने ना केवल भाजयुमो को गति दिया, बल्कि भाजपा में भी तन-मन से समर्पित हैं।

कार्यकर्ताओं के लिए सहज उपलब्ध अमरेन्द्र अमर को प्रभारी बनाए जाने से खगड़िया में भाजपा और मजबूत होगी। अमरेन्द्र अमर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुझे राजा कर्ण की ऐतिहासिक त्याग, साधना, योग और अध्यात्म की भूमि मुंगेर का भाजपा संगठन प्रभारी बनाया था।

वहां सभी लोगों ने असीम प्यार, स्नेह तथा पारिवारिक सदस्य के रूप में स्थान दिया, उसके लिए हृदय से आभारी हूं। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार अब खगड़िया जिले के संगठन प्रभारी के रूप में कर्तव्य के निर्वहन का दायित्व मिला है। प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र मुंगेर में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार एवं मुंगेर विधायक प्रणव कुमार का भरपूर प्यार मिला।

उन्होंने कहा कि मुंगेर में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविन्द्र बाबू कल्लू, प्रीतम पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रणय कुमार सहित सभी पदाधिकारियों का पारिवारिक स्नेह तथा असीम प्यार मिला। हमने अपनी क्षमता के अनुरूप कर्तव्य निर्वहन का प्रयास किया। सांगठनिक कार्यक्रम, बैठक, अभियान या अन्य विषयों में मुंगेर प्रभारी के रूप में कर्तव्य निर्वहन की शैली से किसी को भी ठेस नहीं लगाने का प्रयास किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version