नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तनातनी बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक अब आम आदमी पार्टी इंडी गठबंधन ब्लॉक से कांग्रेस को बाहर करना चाहती है। इसके लिए वह दूसरे दलों से बात करेगी। इस मुद्दे को लेकर दोपहर 1 बजे दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता संजय सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस को लेकर आप नेताओं में भारी नाराजगी है। इसलिए अब आप इंडिया अलायंस से कांग्रेस को बाहर करने के लिए दूसरी पार्टियों से बातचीत करेगी। आप का आरोप है कि कांग्रेस, बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है।
आम आदमी पार्टी के नेताओं में कांग्रेस के खिलाफ नाराजगी
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के नेताओं की तरफ से लगातार हो रही बयानबाजी को लेकर आप नेता नाराज हैं। एक दिन पहले ही दिल्ली यूथ कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। इसे लेकर भी आप नेताओं में भारी नाराजगी है।
आप पर गुमराह करने का लगाया आरोप
दरअसल, दिल्ली यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने 25 दिसंबर की शाम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत की थी। लाकड़ा ने आरोप लगाया था कि आप ने अपनी योजनाओं के जरिए जनता को गुमराह किया है और उनके साथ धोखा किया है।
केजरीवाल के खिलाफ की है एक्शन की मांग
यूथ कांग्रेस ने शिकायत तब दर्ज कराई है, जब दिल्ली सरकार के ही कुछ विभागों ने आप की योजनाओं की प्रमाणिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन योजनाओं को भ्रामक बताते हुए जनता को चेतावनी दी गई है कि वे इनसे सावधान रहें। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपक लिया है और केजरीवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।