रांची। जेएसएससी के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा है कि सीजीएल परीक्षा में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। हर तरह की जांच के बाद वह यह कहने की स्थिति में हैं कि कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल में जेएसएससी के पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गयी है। धमकी इ-मेल के जरिये दी गयी है।
सुधीर कुमार गुप्ता ने आगे बताया कि गड़बड़ी की बात कहते हुए प्रदर्शन करने वालों ने जो सीडी उपलब्ध करायी था, वह ब्लैंक पायी गयी। शिकायतकर्ताओं द्वारा जो आरोप लगाये गये थे, उसे शपथ पत्र के जरिये देने के लिए कहा गया, लेकिन नहीं दिया गया।
उन्होंने आगे कहा कि शिकायत में जो आरोप लगाये गये थे, उनकी जांच में यह पाया गया कि जिस सीट का जिक्र किया गया है, वह छात्र परीक्षा में शामिल ही नहीं हुआ। प्रश्न पत्र वायरल होने के जो पत्र उपलब्ध कराये गये, वह शाम के पांच बजे के बाद की ली गयी तस्वीर है। किसी भी परीक्षा का परिणाम सामान्य पाया गया है। हर परीक्षा केंद्र से अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि कुछ अफवाह व भ्रम भी फैलाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दो दिनों में जो परीक्षा हुई। दूसरे दिन के ज्यादा छात्र सफल हुए। उन्हें पता होना चाहिए कि दूसरे दिन सिर्फ स्थानीय भाषा की परीक्षा ली गयी थी। पहले दिन हिंदी भाषा में परीक्षा ली गयी थी। दूसरे दिन जनजातीय और स्थानीय भाषाओं में परीक्षा ली गयी थी।
अभ्यर्थियों की जो सूची प्रकाशित की गयी है, वह ना तो रिजल्ट है और ना ही मैरिट लिस्ट। अभी सिर्फ वेरिफिकेशन के लिए है। रिजल्ट व मैरिट लिस्ट बाद में प्रकाशित की जायेगी। इससे आगे सुधीर कुमार ने कहा कि एक आरोप यह लगाया जा रहा है कि दूसरे राज्य के लोगों की नियुक्ति की गयी। ऐसा नहीं है। आरक्षण नियमों का पालन करते हुए ही रिजल्ट प्रकाशित किया गया है।