पूर्वी सिंहभूम। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय झारखंड दौरे के दूसरे दिन सोमवार को रांची स्थित लोकभवन से जमशेदपुर पहुंचीं। सोनारी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी सहित वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सोनारी एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला करनडीह स्थित दिशोम जाहेर के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने 22वें संथाली ‘पारसी माहा’ एवं ओलचिकी लिपि के शताब्दी वर्ष समारोह का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस सांस्कृतिक आयोजन में संथाली समाज की समृद्ध परंपरा और भाषा के संरक्षण पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति सर्किट हाउस पहुंचेंगी। इसके बाद उनका अगला कार्यक्रम आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में प्रस्तावित है, जहां वे एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और उनके काफिले में करीब 45 वाहन शामिल हैं। राष्ट्रपति के आगमन से जिले में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version