खूंटी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर खूंटी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह और एकजुटता के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। जिले की सभी पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों द्वारा, प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों द्वारा तथा जिला मुख्यालय में खूंटी जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस आज सम्पूर्ण भारत में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने से लेकर अब तक हमेशा देशहित में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो गरीब, मजदूर और किसान के सम्मान एवं उनकी उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत रही है। कांग्रेस के अनगिनत बलिदानों को देश कभी भुला नहीं सकता, जिनके कारण भारत को 1947 में अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली।
मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि कांग्रेस 140वां स्थापना दिवस समारोह पूरे देश में मना रही है। बताया गया कि खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय में झंडोत्तोलन के बाद जिले भर से आए प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों एवं नगर पंचायत के पदाधिकारियों की गोष्ठी आयोजित की गई। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव पीटर मुंडू, सहकारिता प्रकोष्ठ के महासचिव नईमुदीन खां, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश मिश्रा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला कांग्रेस, ओबीसी कांग्रेस के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

