रांची। झारखंड में वक्फ संपत्तियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। केंद्र सरकार द्वारा छह दिसंबर की रात 11:59 बजे तक निर्धारित समय सीमा में राज्य की कुल वक्फ संपत्तियों में से 67.92 प्रतिशत संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर सफलतापूर्वक अपलोड कर दिया गया।

राज्य में वक्फ की कुल 159 संपत्तियां चिन्हित हैं, जिनमें से 151 सुन्नी वक्फ बोर्ड और आठ शिया वक्फ बोर्ड के अधीन हैं। निर्धारित समय सीमा तक सुन्नी वक्फ बोर्ड की 151 संपत्तियों में से 101 का डेटा अपलोड किया जा सका, जबकि शिया वक्फ बोर्ड की आठ में से सात संपत्तियों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर दी गई।

इस प्रकार कुल 108 संपत्तियों का विवरण पोर्टल पर उपलब्ध हो गया है, जबकि 51 संपत्तियों का ब्योरा अपलोड नहीं हो पाया। इनमें 50 संपत्तियां सुन्नी वक्फ बोर्ड की हैं और एक संपत्ति शिया वक्फ बोर्ड की है। शिया वक्फ बोर्ड की जिस संपत्ति का विवरण अपलोड नहीं किया जा सका, उसे ‘हिडेन वक्फ’ बताया गया है।

वक्फ बोर्ड के पदाधिकारियों के अनुसार कुछ संपत्तियों से जुड़ी दस्तावेजी प्रक्रिया अधूरी होने के कारण अपलोड में बाधा आई। अधिकारियों का कहना है कि शेष संपत्तियों का सत्यापन और दस्तावेजी कार्य पूरा होते ही उन्हें भी उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कर दिया जाएगा, ताकि राज्य की सभी वक्फ संपत्तियां डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल हो सकें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version