गिरिडीह। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि हिंदी ,बांग्ला की कई सुपरहिट फिल्मों के आउटडोर शूटिंग के गवाह रहा उसरी वाटर फॉल दस करोड़ की लागत से इको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा।

शनिवार को मंत्री शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जैसे टूरिस्ट हट, पार्क और शौचालय का निर्माण होगा। साथ ही वाटर फॉल को प्लास्टिक-मुक्त क्षेत्र बनाने की घोषणा की गयी है। ताकि पर्यावरण संतुलित और स्वच्छ रहे और आनेवाले पर्यटकों को अच्छा अनुभव मिले। मौके पर मंत्री ने बदलाव को लेकर विस्तार से अपनी योजना को साझा किया।

इस दौरान डीएफओ मनीष तिवारी ने कहा कि दो वाच टावर बनाये जाने हैं। इसमें पर्यटक पूरे पिकनिक स्पॉट की सुंदरता निहार सकते हैं। पर्यटकों के लिए शौचालय निर्माण के साथ कैफेटेरिया का निर्माण होना है।

पर्यटकों का वेलकम प्रवेश द्वार के साथ होगा। बच्चों के लिए झूले लगने हैं। इलेक्ट्रिक वाहन भी चलाये जायेंगे। कार्यक्रम में जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह सहित वाटर फॉल सुरक्षा समिति के सदस्य पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि अनुपम प्राकृतिम सुंदरता से अच्छादित इलाके का प्रमुख पिकनिक स्पॉट उसरी फॉल में कई सुप्रसिद्ध हिंदी और बांग्ला फिल्म की शूटिंग हुई है। बाबा वैद्यनाथ धाम पर बनायी गयी धार्मिक हिंदी फिल्म गंगा धाम, गुलमोहर, दुरंतो चटाई सहित कई अन्य बांग्ला की चर्चित फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा कई खोरठा और भोजपुरी एलबम की शूटिंग होती रही है। नोबेल पुरस्कार प्राप्त गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर ने अपनी कविताओं में इस प्राकृतिक सौंदर्यता को स्थान दिया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version