-3.35 लाख वोटर 405 बूथों पर डालेंगे वोट, 18 प्रत्याशी
-सुबह सात बजे शुरू होगी वोटिंग, 2 मार्च को मतगणना
आजाद सिपाही संवाददाता
रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को मतदान होगा। इस उपचुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सभी बूथों पर पुलिस बलों की तैनाती होगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर चुनाव आयोग की ओर से विशेष नजर रखी जा रही है। सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 2 मार्च को काउंटिंग होगी। रविवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। वहीं विभिन्न प्रत्याशियों की ओर से घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। मतदान के पहले प्रत्याशियों की ओर से बूथ मैनेजमेंट को भी अंतिम रूप दिया गया। उपचुनाव को लेकर रामगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश करनेवाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है।
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में 3.35 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आंकड़ों के अनुसार इस चुनाव में एक लाख 73 हजार 550 पुरुष और एक लाख 62 हजार 183 महिला वोटिंग करेंगी। इस चुनाव में 318 सर्विस वोटर हैं, जिनमें 311 पुरुष और सात महिला हैं। चुनाव आयोग के अनुसार 80 वर्ष से अधिक आयु वाले वोटरों की संख्या 4276 है, जबकि नि:शक्त मतदाताओं की संख्या 6325 है।
2025 मतदान और 1500 से अधिक जवानों की तैनाती
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए 2025 मतदान कर्मी, 69 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 63 माइक्रो आॅब्जर्वर की नियुक्ति की गयी है। उपचुनाव को लेकर कुल 233 भवनों में 405 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इसमें रामगढ़ प्रखंड में 118, दुलमी प्रखंड में 64 और चितरपुर प्रखंड में 70 मतदान केंद्र हैं, जबकि गोला प्रखंड में 153 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। उपचुनाव के मद्देनजर 55 सेक्टर और 10 कलस्टर बनाये गये हैं। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। डेढ़ हजार से अधिक जवानों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 405 मतदान केंद्रों में 244 मतदान केंद्र अति संवेदनशील, 114 संवेदनशील और 47 सामान्य मतदान केंद्र हैं। मतदान के बाद इवीएम को रामगढ़ कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखा जायेगा। मतगणना 2 मार्च को रामगढ़ कॉलेज में बनाये गये मतगणना हॉल में होगी।
18 प्रत्याशी, कांग्रेस-आजसू पार्टी के बीच सीधा मुकाबला
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के बजरंग महतो और आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी को झामुमो, राजद और वाम दलों का समर्थन प्राप्त है। वहीं आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी को भाजपा का समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस की पूर्व विधायक ममता देवी की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के कारण रामगढ़ में उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव में कांग्रेस ने ममता देवी के पति बजरंग महतो को उम्मीदवार बनाया है। वहीं साल 2019 में दूसरे स्थान पर रहीं सुनीता चौधरी आजसू पार्टी सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी हैं।