आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि पार्टी-संगठन के कार्यों को सबों के सहयोग से पूरा करेंगे। अब हमारा पहला लक्ष्य है कि बूथ कमेटी के बचे हुए कार्यों को पूर्ण करें। हमारा लक्ष्य बूथ जीतो, झारखंड जीतो और दिल्ली जीतो का है। बूथ जीतेंगे तो लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे। बाबूलाल शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष का विधिवत पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित स्नेह मिलन समारोह में बोल रहे थे।
पूजा और हवन कर पद ग्रहण किया : बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को भाजपा कार्यालय में पूजा और हवन कर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। हरमू स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। साथ ही उनको पगड़ी और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद कार्निवाल बैंकवेट हॉल में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद समीर उरांव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारियों के अलावा जिलों के भी पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
फिलहाल निर्वतमान कमेटी ही काम करेगी : बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन पर जो भरोसा दिखाया है, उस पर वह सबों के सहयोग से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मरांडी ने निवर्तमान अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश की सराहना करते कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने बेहतर कार्य किया है। उन्होंने 16 जुलाई को ‘टिफिन के साथ मीटिंग’ कार्यक्रम में सभी विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिल कर काम करने को कहा। फिलहाल निवर्तमान कमेटी ही कार्य करती रहेगी।
अत्याचार के खिलाफ हो संघर्ष : बाबूलाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि अत्याचार के खिलाफ वे हर प्रयास करें। इसकी पूरी छूट प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वह उन्हें दे रहे हैं। किसी घटना पर कार्यकर्ता खुद सड़क पर उतरें, प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का इंतजार नहीं करें। उन्होंने हेमंत सरकार पर हमला बोलते कहा कि झारखंड की जनता को भाजपा पर भरोसा है। वर्तमान सरकार से जो उम्मीद जनता को थी, वह टूट गयी है। सब मिल कर अपने अपने क्षेत्रों में महाजनसंपर्क अभियान के साथ-साथ जनता के बीच जायें। इस सरकार के भ्रष्टाचार और पूर्व की झारखंड सरकार तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बतायें। झारखंड का गठन भाजपा ने किया, देश में पहली बार द्रौपदी मुर्मू के रूप में पहली महिला राष्ट्रपति आदिवासी हैं। केंद्र सरकार में आठ से अधिक आदिवासी मंत्री हैं। यह सब भाजपा की देन है। भाजपा का विजन गरीब, किसान, युवा, दलित, महिला, बुजुर्गों को आगे लाने का है।
हमारा लक्ष्य बूथ जीतो, झारखंड जीतो और दिल्ली जीतो : मरांडी
Related Posts
Add A Comment