रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब क्रिकेट के बाद एक नयी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। गुरुवार को धोनी ने रांची के प्रसिद्ध न्यूक्लियस मॉल में अपने एक्सक्लूसिव आउटलेट की ओपनिंग की है। आउटलेट का नाम ‘सेवन बाय एमएस धोनी’ रखा है। इस मौके पर धोनी ने कहा कि न्यूक्लियस रांची का सबसे अच्छा मॉल है। आज का दिन उनके लिए बेहद अहम है। खुशी है कि वे अपना पहला स्टोर रांची में खोल रहे हैं। 10 साल में वे इस तरह रांची में पब्लिक प्लेस पर नहीं आये हैं। धोनी ने कहा कि स्वास्थ्य न केवल खेल की गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि जीवन के लिए भी आवश्यक है।
2020 तक 275 स्टोर खोलने की योजना : 2016 से ही ‘सेवन बाय एमएस धोनी’ नाम के ब्रांड आॅनलाइन मिल रहे हैं। धोनी ने अब इसे लोगों के बीच लाया है। 2020 तक 275 स्टोर खोलने और इस वर्ष के भीतर लगभग 20-25 स्टोर खोलने की योजना है। यहां फिटनेस श्रेणियों की एक विस्तृत श्रृंखला है।
पुरुषों और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक जूते, परिधान और सामान शामिल हैं।
माही-माही और धोनी-धोनी से गूंजा मॉल : धोनी के आने से पहले न्यूक्लियस मॉल में युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मॉल के बाहर से लेकर अंदर तक खचाखच भीड़ थी। युवकों के साथ-साथ युवतियों में भी धोनी को देखने और फोटो लेने की होड़ लगी थी। पुलिस को इन युवाओं को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मॉल में धोनी के आते ही उनके प्रशंसक माही-माही, धोनी-धोनी की आवाज लगाने लगे।