रांची: लगभग 18 घंटे हुई लगातार बारिश की वजह से राज्य में कई जगह बाढ़ के हालात उत्पन्न हो गये हैं। पलामू के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में कोयल नदी में तीन बच्चे और रामगढ़ के भदानीनगर में एक महिला के बह जाने की खबर है। पलामू में तीनों बच्चे नदी में नहाने गये थे, लेकिन बहाव तेज होने के कारण वे बह गये, तीनों के शव मिल गये हैं। वहीं, रामगढ़ की 45 वर्षीय महिला सोहनी देवी अब तक लापता है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों से पुल पुलिया बहने की खबर है। शहर के दर्जनों मुहल्ले जलमग्न हो गये। राजधानी में बोड़ेया-ओरमांझी मार्ग बाधित हो गया है। रामगढ़ एवं भुरकुंडा रेलवे स्टेशन भी पानी में डूब गये हैं। कई जगह रेलवे ट्रैक पानी में डूबे हैं। इसके कारण पतरातू-बरकाकाना मार्ग पर रेलवे परिचालन ठप हो गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण पतरातू डैम के छह फाटक कभी भी खोले जा सकते हैं। इसे लेकर आसपास के इलाके खाली करा दिये गये हैं। राजधानी की कई सड़कें पानी में डूबी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में अपर एयर सकुर्लेशन बना हुआ है। 24 घंटे के अंदर लो प्रेशर झारखंड में बनेगा। इस कारण दक्षिणी झारखंड के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। गोला में भैरवी नदी उफनाई हुई है। यहां कई गांवों में नदी का पानी घुस गया है। हर तरफ बाढ़ का नजारा दिख रहा है।
पैदल चलनेवालों की बढ़ी समस्या
राजधानी में लोग रात से ही हो रही बारिश से परेशान रहे। सुबह में बच्चों का स्कूल जाना काफी मुश्किल हो गया। अभिभावकों ने मशक्कत करते हुए अपने बच्चों को स्कूल पहुंचाया। सड़कों पर गंदगी और कीचड़ फैले होने की वजह से पैदल चलने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
122 प्वाइंट में हुआ जलजमाव
शहर के निचले इलाकों में कुछ घरों में पानी भी घुस गया है। नगर निगम की मानें तो शहर में लगभग 122 प्वाइंट ऐसे हैं, जहां पर जलजमाव हो रहा है। हालांकि उसे दूर करने की दिशा में निगम की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे तक झारखंड में बारिश होने की संभावना है।