-भाजपा ने बेहतर मतदान प्रतिशत के लिए जनता और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग का जताया आभार
रांची। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। इसमें चार लोकसभा सीट के लिए मतदान हुए। झारखंड की जनता ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आस्था और विश्वास व्यक्त करते हुए मतदान किया। जनता के रुझान से स्पष्ट हो गया है कि इन चारों लोकसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे। उक्त बातें श्री साहू ने सोमवार को हरमू रोड स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस से कही। उन्होंने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार ने जनता को धोखा दिया है। ठगने का काम किया है। साढ़े चार साल के कार्यकाल में ठगबंधन सरकार ने झारखंड को लूटने का काम किया है। विकास का काम अवरुद्ध करने का काम किया है। जनता इससे त्रस्त हो चुकी है। इस ठगबंधन को जनता ने वोट के माध्यम से नकारने का काम किया है। चुनाव परिणाम आने पर यह स्पष्ट हो जायेगा। श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 साल में सभी वर्ग की चिंता की है। प्रत्येक दरवाजे पर विकास करके माध्यम से दस्तक दिया है। देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। इससे प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी को पीएम बनने के लिए वोट किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को हर साल किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। आज तक किसी प्रधानमंत्री ने किसानों को ऐसा सम्मान नहीं दिया। किसानों ने इससे प्रभावित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट किया है।
श्री साहू ने कहा कि मतदान के बाद लोगों की बात छनकर सामने आई है। इससे स्पष्ट हो गया है कि चारों लोकसभा सीट पर एनडीए के प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेंगे। जनता का रुख और स्पष्ट हार देखकर पलामू में राजद के लोग बौखला गए हैं। प्रदेश महामंत्री ने रिकॉर्ड वोटिंग करने के लिए आम जनता का आभार व्यक्त किया है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए चुनाव आयोग के प्रति भी आभार प्रकट किया है। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश मंत्री सरोज कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे।