पूर्वी सिंहभूम। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राज्य प्रमुख बिरेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में ओडिसा के राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाक़ात की |
छठ महापर्व को लेकर राज्यपाल रघुवर दास जमशेदपुर प्रवास पर है | झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर यह मुलाक़ात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास एनडीए की प्रमुख घटक दल के रूप में शामिल है |
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान के निर्देशानुसार झारखंड में एनडीए की सरकार बनाने को लेकर लोजपा रामविलास संकल्पित है | एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर पार्टी के बिहार के सांसद लगातार प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे है | पार्टी के राज्य प्रमुख बिरेन्द्र प्रधान ने जमशेदपुर पूर्वी से एनडीए प्रत्याशी पूर्णिमा साहू, पोटका से एनडीए प्रत्याशी मीरा मुंडा, जमशेदपुर पश्चिमी से एनडीए गठबंधन से ज़दयू के प्रत्याशी सरयू राय और भाजपा के नेता अमरप्रीत सिंह काले एवं समाजसेवी विकास सिंह से मुलाक़ात की | मुलाक़ात के बाद प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने बताया कि इस बार प्रदेश में एनडीए गठबंधन की सरकार बननी तय है | कांग्रेस झामुमो की यह सरकार चंद दिनों की मेहमान है | इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विजय प्रधान, आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक राय, लेबर सेल के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम राय शामिल थे।