लातेहार। लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड निवासी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेश गंझु का निधन हो गया। गत मंगलवार की रात्रि उन्हें घर में ही एक विषैले सर्प ने डस लिया था। परिजनों ने तत्काल उन्हें लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये रांची रिम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।
इस घटना से पूरे लातेहार जिले और झामुमो परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी है। पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम, जिला अध्यक्ष लाल मोतिनाथ शाहदेव, विश्व सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, युवा अध्यक्ष रंजीत उरांव, युवा उपाध्यक्ष अंकित कुमार तिवारी तथा डब्लू प्रजापति सहित अनेक नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त किया।
नेताओं ने कहा कि सुरेश गंझु एक मृदुभाषी और जनसेवी नेता के रूप में जाने जाते थे और उनके निधन से पार्टी एवं समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।