रांची। झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को इस बार अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के तहत इस बार परीक्षा शुल्क में 120 रुपये की वृद्धि की गई है। खास बात यह है कि जैक ने लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क बढ़ाया है। पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में करीब 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
जैक ने परीक्षा शुल्क की नई दरें अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी हैं। यह बढ़ोतरी नियमित (रेगुलर) और प्राइवेट, दोनों श्रेणियों के परीक्षार्थियों पर लागू होगी। इससे राज्य के करीब 7.50 लाख मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
12 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया
मैट्रिक और इंटर परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो रही है। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है।
परीक्षार्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।
मैट्रिक परीक्षा के लिए अब कितना देना होगा शुल्क?
नई शुल्क दरों के अनुसार, मैट्रिक में छात्राओं और ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के नियमित विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क के 1,100 रुपये देने होंगे। वहीं, सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 1,300 रुपये निर्धारित किया गया है। प्राइवेट परीक्षार्थियों को भी 1,300 रुपये जमा करने होंगे।
इंटरमीडिएट परीक्षा का शुल्क भी बढ़ा
इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए छात्राओं और ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को 1,220 रुपये देने होंगे। जबकि सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों तथा प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए शुल्क 1,520 रुपये तय किया गया है। निर्धारित समय सीमा के बाद फॉर्म भरने वाले सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
दो साल में ऐसे बढ़ी मैट्रिक परीक्षा की फीस
परीक्षार्थियों की श्रेणी | 2025 | 2026 | 2027 |
|---|---|---|---|
नियमित छात्रा | ₹740 | ₹980 | ₹1,100 |
ओबीसी, एससी, एसटी छात्र | ₹740 | ₹980 | ₹1,100 |
सामान्य/EWS छात्र | ₹940 | ₹1,180 | ₹1,300 |
प्राइवेट परीक्षार्थी | ₹940 | ₹1,180 | ₹1,300 |
इंटर परीक्षा शुल्क में भी लगातार बढ़ोतरी
परीक्षार्थियों की श्रेणी | 2025 | 2026 | 2027 |
|---|---|---|---|
नियमित छात्रा | ₹910 | ₹1,100 | ₹1,220 |
ओबीसी, एससी, एसटी छात्र | ₹910 | ₹1,100 | ₹1,220 |
सामान्य/EWS छात्र | ₹1,210 | ₹1,400 | ₹1,520 |
प्राइवेट परीक्षार्थी | ₹1,210 | ₹1,400 | ₹1,520 |
नोट: ये सामान्य समय सीमा में फॉर्म जमा करने के शुल्क हैं। विलंब शुल्क के साथ सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
लगातार दूसरे साल फीस बढ़ने से उठ रहे सवाल
जैक ने वर्ष 2026 की परीक्षा के लिए भी मैट्रिक और इंटर समेत कई परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की थी। उस समय विभिन्न मदों में करीब 30 से 32 फीसदी तक की वृद्धि हुई थी। अब एक बार फिर शुल्क बढ़ाए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
राज्य में हर साल लगभग 7.50 लाख विद्यार्थी मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क बढ़ाए जाने के फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यालय बंद है। कार्यालय खुलने के बाद ही शुल्क वृद्धि के संबंध में जानकारी दे सकेंगे।

