रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर झारखंड में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। रांची स्थित कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का यह जन्मदिवस देशभर में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजयुमो झारखण्ड में भी अनेक सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय के अलावा प्रदेश और मंडल स्तर पर भी किया जाएगा। साथ ही “नमो युवा रन” का आयोजन भी देशभर के 75 शहरों में किया जाएगा। झारखंड में यह आयोजन रांची, जमशेदपुर और धनबाद में होगा।
शशांक राज ने कहा कि मैराथन दौड़ 21 सितम्बर को आयोजित होगी और प्रतिभागियों का पंजीकरण 20 सितम्बर तक किया जा सकेगा। इस मैराथन का उद्देश्य नशामुक्त झारखंड का संदेश देना है। रांची में मैराथन की शुरुआत मोराबादी स्थित बापू वाटिका से होगी और समापन जयपाल सिंह स्टेडियम में होगा। राज ने कहा कि युवा मोर्चा प्रधानमंत्री के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस आयोजन से युवाओं में सेवा भाव, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश जाएगा। इस मौके पर “नमो युवा रन” का पोस्टर और विशेष टी-शर्ट का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु, प्रिंस कुमार, रोमित नारायण सिंह, आइपीएल क्रिकेटर मोनू सिंह, नागपुरी अभिनेता रमन गुप्ता भी उपस्थित थे।