रांची। नगर निकाय चुनाव को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने नगर निकाय चुनाव की तारीखों की औपचारिक घोषणा कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यभर में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को संपन्न होगी। इसके साथ ही फरवरी के अंत तक पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव की घोषणा होते ही रांची समेत सभी संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के जरिए जनता को “शहर की सरकार” चुनने का अवसर मिलता है, इसलिए सभी मतदाता 23 फरवरी को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मतदान अवश्य करें।
चुनाव से जुड़ी प्रमुख जानकारियों की बात करें तो इस बार मतदान 9 जनवरी को जारी नई आरक्षण सूची के आधार पर कराया जाएगा। रांची नगर निगम में मेयर पद को अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित किया गया है, जिससे इस वर्ग के प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वोटर लिस्ट को लेकर पहले कुछ विवाद सामने आए थे, लेकिन आयोग ने साफ कर दिया है कि चुनाव पुराने संशोधित मतदाता सूची के आधार पर ही कराए जाएंगे। आयोग का कहना है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और अब प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए हैं।

