कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी मामले में संलिप्तता के आरोप में पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी लंबे समय से उन पर नजर बनाये हुए थी। सूत्रों के अनुसार, कोयला तस्करी मामले में पूछताछ के लिए मंडल कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में स्थित इडी के सॉल्ट लेक आॅफिस पहुंचे थे। लंबी पूछताछ के बाद गुरुवार देर रात इडी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को हुई पूरी पूछताछ के दौरान मंडल लगातार अपने ही बयानों को बदलते रहे और अधिकारियों के कुछ सवालों का जवाब देने से भी इनकार कर दिया।
-पूर्व अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर पुलिस ने जिले के एक प्रभावशाली पूर्व अधिकारी मिथुन कुमार डे के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है, जिन्हें तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान तीन बार लोकसभा सांसद रहे अभिषेक बनर्जी का करीबी सहयोगी माना जाता है। घटनाक्रम से अवगत सूत्रों के अनुसार, डायमंड हार्बर नगरपालिका के तृणमूल कांग्रेस पार्षद डॉ तमाल कुमार हलदर द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के बाद डे के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गयी है। शिकायत में डे पर हलदर को निर्वस्त्र करने और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई करने के साथ-साथ बिजली के झटके देकर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

