कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर कोलकाता पहुंचे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर और निशिथ प्रामाणिक सहित तमाम वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहे।
शनिवार को शाह राज्य भाजपा की कोर कमेटी के साथ अहम बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर गहन मंथन होगा। हालांकि, इस बार उनका फोकस आंतरिक बैठकों की अपेक्षा सार्वजनिक जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद पर अधिक रहेगा।
इसी क्रम में गृह मंत्री दो प्रमुख रैलियों को संबोधित करेंगे। पहली सभा उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर क्षेत्र में होगी, जहां बनगांव, बारासात, बशीरहाट और बैरकपुर लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता जुटेंगे। दूसरी सभा उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में आयोजित होगी। इस कार्यक्रम में सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। सिलीगुड़ी कार्यक्रम के बाद शाह बागडोगरा हवाईअड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि एक ही महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दौरा इस बात का संकेत है कि पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह चौकन्ना और गंभीर है। दिसंबर के अंत में भी शाह कोलकाता आए थे और ममता सरकार पर तीखा हमला बोला था। एक महीने के भीतर दूसरा दौरा संगठन के बूथ स्तर पर मजबूती और चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए किया जा रहा है।

