पाकुड़। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की महिला जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम की अध्यक्षता में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के दिग्गज नेता प्रोफेसर स्टीफन मरांडी की सुपुत्री उपासना मरांडी शामिल हुईं। उनका स्वागत आदिवासी परंपरा के अनुसार भव्य नृत्य-संगीत और नगाड़ों की गूंज के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि आज का दिन महिलाओं के संघर्ष और उनकी उपलब्धियों के जश्न का दिन है। उन्होंने महिलाओं से अपने हक के प्रति जागरूक होने और समाज को सशक्त बनाने की अपील की। उपासना ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मैया सम्मान योजना और फूलों झानो योजना जैसी क्रांतिकारी पहल की है।
उन्होंने आगे कहा, “चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या रोजगार का, मुख्यमंत्री ने हमेशा माता-बहनों के सम्मान को प्राथमिकता दी है।” इस मौके पर जिले भर से जुटी सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपनी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नारी शक्ति ही एक समृद्ध झारखंड की नींव है।

