रांची। झारखंड विधानसभा में रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मौजा में बने 393 मकानों के आवंटन का मुद्दा उठा। हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने इन मकानों को जल्द विस्थापितों को आवंटित करने की मांग की, जिस पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने जवाब दिया।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि जगन्नाथपुर मौजा में 393 मकान बनकर तैयार हैं। वर्ष 2016 में पूर्व की सरकार ने एक निजी परामर्श संस्थान से विस्थापित लाभुकों की सूची का सर्वेक्षण कराया था। यह पहला मामला है जब इस तरह का सर्वे किसी निजी संस्थान से कराया गया।
मंत्री ने कहा कि उस सर्वेक्षण में 108 ऐसे लोगों के नाम जोड़े गए हैं जो वास्तविक लाभुक नहीं, बल्कि बाहरी लोग हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेमंत सोरेन सरकार किसी भी हाल में बाहरी लोगों को जमीन या मकान आवंटित नहीं होने देगी।
विधायक नवीन जायसवाल ने भूमि अधिग्रहण कानून और सरकार के घोषणापत्र का हवाला देते हुए सरप्लस जमीन रैयतों को वापस करने की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश में स्पष्ट है कि अधिग्रहित अतिरिक्त जमीन वापस नहीं की जाएगी। मंत्री ने सदन से समय मांगते हुए कहा कि अगले सत्र से पहले सरकार इस मामले में कोई ठोस निर्णय लेगी।

