रांची। रांची पुलिस ने राजधानी में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। खरसीदाग ओपी क्षेत्र में की गयी विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई की शुरूआत पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना से हुई, जिसमें बताया गया था कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तुपुदाना की ओर से रिंग रोड होते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही रांची एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और भुसुर चौक के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोकने का संकेत दिया, तो उस पर सवार युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा किया और गेल गोदाम के पास घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार, गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी वीपी सिंह मुंडा और गरूपदो सिंह मुंडा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर की 75 पुड़िया, दो मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किये गये। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल से नशीले पदार्थों की खेप लाकर रांची के विभिन्न इलाकों में खपाते थे। फिलहाल, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है।

