सीवान। सीवान जिले में जमीन विवाद और कथित दबंगई के मामलों को लेकर सीवान पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में महादेवा थाना क्षेत्र के ओरमा गांव निवासी पूर्व मुखिया साबिर मियां को को पटना से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई महादेवा ओपी थाना क्षेत्र में डॉक्टर की जमीन से जुड़े विवादित मामले में की गई है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद साबिर मियां की गिरफ्तारी की गई। वह लंबे समय से पुलिस की नजर में थे और उनकी तलाश जारी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पटना में छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया गया।
मामले में गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्मपरसा निवासी डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने रघुनाथपुर के राजद विधायक ओसामा शहाब, फरहान, साबिर मियां समेत 30-35 नामजद और अज्ञात लोगों पर मारपीट, लूटपाट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार और एसपी पुरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने 4 मई को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित पैतृक आवास और नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित घर पर एक साथ दबिश दी।
सीवान स्थित आवास पर करीब 40 मिनट तक सघन तलाशी ली गई। छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा था कि सीवान के भूमाफिया अब शहर छोड़ दें, क्योंकि पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है। इसके बाद पुलिस ने विधायक ओसामा शहाब की गिरफ्तारी के लिए पटना स्थित आवास पर भी छापेमारी की। हालांकि इस मामले में विधायक ओसामा शहाब को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले में भूमाफियाओं और दबंग तत्वों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

