रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में आगामी 20 जून तक गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग की ओर से रविवार को जारी पूवार्नुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में कोडरमा जिले के तिलैया डीवीसी क्षेत्र में सर्वाधिक 46.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के कांके में 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में 12 जून को मानसून ने दस्तक दे दी थी। मानसून के आगमन के बाद से रांची सहित राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। इससे तापमान में आंशिक गिरावट आई है, लेकिन कई क्षेत्रों में उमस की स्थिति बनी हुई है। रविवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे तथा मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस का एहसास होता रहा। मौसम में नमी बढ़ने के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी बनी रही।
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री तथा न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय रहने के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों का पालन करने की सलाह दी गई है।

