।।रवि कुमार गुप्ता बरवाडीह प्रतिनिधि।।
बरवाडीह। दुर्गा पूजा को लेकर बरवाडीह में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आदिशक्ति महाबीर मंदिर पूजा समिति इस वर्ष श्रद्धालुओं को एक बार फिर अनूठी और आकर्षक थीम का दीदार कराने की तैयारी में जुट गयी है। इस बार पूजा पंडाल को प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल का निर्माण बंगाल से पहुंचे कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। पंडाल के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा भी बंगाल के कारीगरों द्वारा तैयार की जा रही है।पंडाल में दक्षिण भारतीय द्रविड़ वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी। मंदिर के भव्य गोपुरम, आकर्षक प्रवेश द्वार, नक्काशी और साज-सज्जा को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। समिति की कोशिश है कि पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर जैसी भव्यता और धार्मिक वातावरण का अहसास हो।आदिशक्ति महाबीर मंदिर पूजा समिति द्वारा हर वर्ष पूजा पंडाल के लिए अलग और आकर्षक थीम चुनी जाती है। दो वर्ष पूर्व केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति बनाकर श्रद्धालुओं को आकर्षित किया गया था। वहीं पिछले वर्ष ऐतिहासिक लालकिला की भव्य प्रतिकृति तैयार की गयी थी। लगातार अलग-अलग थीम के माध्यम से पूजा पंडाल को विशेष पहचान दिलाने के बाद इस वर्ष समिति ने तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम चुनी है।पंडाल निर्माण में बंगाल के कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। पंडाल की संरचना के साथ बारीक सजावट और नक्काशी का काम भी तेजी से चल रहा है। वहीं मां दुर्गा की प्रतिमा को भी आकर्षक रूप देने में कारीगर जुटे हैं। पूजा समिति के अनुसार इस वर्ष पंडाल की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।दुर्गा पूजा के दौरान आदिशक्ति महाबीर मंदिर का यह पंडाल बरवाडीह ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। पंडाल देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


