पलामू: झारखंड के पलामू जिले में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना उंटारी रोड थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो टेंपो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को बताया कि पीड़िता हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह 29 अक्टूबर को किसी काम से टोटो ऑटो के जरिए उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ाही गांव गई थी। वापस लौटने के दौरान जिस टोटो से वह आई थी, वह खराब हो गया। इसके बाद दूसरे टोटो को बुक कर वह हुसैनाबाद लौट रही थी।
इसी दौरान टोटो में सवार चालक समेत तीन युवकों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता के बयान के आधार पर 31 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में उंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव निवासी सुबोध दीक्षित (38), पिता राजेश्वर दीक्षित, मुकेश दीक्षित (26), पिता स्वर्गीय बाबूलाल दीक्षित और अभय दीक्षित (20), पिता संजय दीक्षित शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीव मंडल को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पांडू अंचल के पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
