बाजारों में बढ़ी रौनक, फल-सूप और दउरा की खरीदारी को लेकर उमड़ने लगी भीड़
बरवाडीह। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से शुरू हो गया। पर्व के आगाज के साथ ही बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में छठमय माहौल बन गया है। घरों से गूंज रहे पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है।महापर्व के पहले दिन छठ व्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ चना दाल, अरवा चावल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर नहाय-खाय का अनुष्ठान पूरा किया। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास सहित कठिन छठ अनुष्ठान की तैयारी शुरू हो गई।शनिवार को व्रती पूरे दिन उपवास रखकर खरना का अनुष्ठान करेंगी। शाम को भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।इधर, छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। फल, सूप, दउरा, नारियल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। चारों ओर छठ गीतों की गूंज और पर्व की तैयारियों ने बरवाडीह को पूरी तरह छठमय बना दिया है।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ बरवाडीह
Related Posts
Add A Comment

