30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव; महिला आरक्षण लागू करने के लिए सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की तैयारी
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश करने की तैयारी में है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में विपक्षी दलों ने प्रस्तावित विधेयकों का संयुक्त रूप से विरोध करने का फैसला किया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इससे लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच सकती है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों में भी 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था के जरिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा।
INDIA गठबंधन ने विधेयकों के विरोध का लिया फैसला
28 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी, आरजेडी नेता मनोज झा समेत कई दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के बाद विपक्ष ने मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिला आरक्षण लागू करने, राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को 25 वर्षों तक बनाए रखने और प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। खरगे ने प्रस्तावित विधेयकों को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।
DMK और YSRCP ने किया समर्थन
विपक्षी खेमे में विधेयकों को लेकर एकमत स्थिति नहीं दिख रही है। डीएमके और वाईएसआरसीपी ने केंद्र के प्रस्ताव का समर्थन किया है। डीएमके नेता कनिमोझी ने कहा कि पार्टी का समर्थन राज्यों के हितों की सुरक्षा से जुड़ी शर्तों के आधार पर है। बीआरएस ने भी प्रस्ताव के समर्थन की घोषणा की है। वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने सभी राज्यों में समान रूप से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की शर्त पर समर्थन के संकेत दिए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत कुछ अन्य दलों ने भी विधेयक के प्रावधानों पर चर्चा के बाद रुख तय करने की बात कही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक बुलाया है। लोकसभा में 30 नवंबर को विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। इस दौरान संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पर विचार किया जाएगा। प्रस्तावित संविधान संशोधन के तहत महिला आरक्षण को परिसीमन के बाद लागू करने और लोकसभा-विधानसभाओं की सीटों में बढ़ोतरी का प्रावधान है।
2029 के चुनावों से पहले लागू करने की तैयारी
सरकार की योजना प्रस्तावित बदलावों के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की है। इसके लिए परिसीमन आयोग के गठन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया प्रस्तावित है। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है, जहां सरकार को विधेयकों के पारित होने के लिए आवश्यक समर्थन जुटाना होगा।

