आजाद सिपाही टीम
गोड्डा/महागामा। विधानसभा के पांचवें चरण के चुनाव प्रचार के क्रम में संथाल परगना के वोटरों को साधने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कीं। उन्होंने गोड्डा के गायछंद और महागामा के पीपरा मैदान में आयोजित जनसभाओं में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन पर जम कर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने झारखंड के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि अपनी मतपेटी और तिजोरी भरते रहे।
रघुवर दास ने कहा कि तीन चरण का मतदान हो चुका है और विरोधियों के हौसले पस्त हो गये हैं। झामुमो और कांग्रेस के पास न मुद्दा है, न अच्छी नीयत और न अच्छी नीति है। ये झारखंड का विकास करने नहीं, सोरेन परिवार और गांधी परिवार का विकास करने के लिए सत्ता चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सुनील सोरेन को सांसद बनाकर दुमका ने परिवारवाद को करारा जवाब दिया, भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया। अब पूरे संथाल की बारी है और इस बार यहां के लोग पूरी तरह जागरूक हैं। उन्होंने झामुमो मुक्त संथाल बनाने और फिर से झारखंड में भाजपा की मजबूत और स्थायी सरकार बनाने की अपील की।
भाजपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए रघुवर दास ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में झामुमो और कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। 2014 से पहले सिर्फ 43 हजार सखी मंडलों का गठन हुआ था। भाजपा सरकार ने दो लाख से ज्यादा सखी मंडलों का गठन किया। महिलाओं के लिए एक रुपये में रजिस्ट्री योजना शुरू की। कांग्रेस और झामुमो ने एक परिवार की भक्ति में आदिवासी वीरों को भुला दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में आदिवासी वीरों को सम्मान मिला। उनके गांवों को विकसित किया जा रहा है। आदिवासी नेतृत्व को हर माह सम्मान राशि मिल रही है। झामुमो और कांग्रेस ने संथाल को लूटा। यहां की जनता को धोखा दिया। संथाल के विकास के नाम पर इन्होंने अपना विकास कर लिया।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

