नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के मद्देनजर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रभावित इलाके में स्कूल सात मार्च तक बंद करने का ऐलान किया है। अधिकारियों ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में परीक्षाएं आयोजित कराने के लिए स्थिति अनुकूल नहीं है इसलिए वार्षिक परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के स्कूल शनिवार को प्रिंसिपल और स्टाफ के लिए खोले गए थे। मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानाध्यापकों और कर्मचारियों के लिए स्कूल खुले। हालांकि, अब प्रशासन ने हिंसा प्रभावित क्षेत्र में स्कूल सात मार्च तक बंद रखने का फैसला लिया है। बता दें कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद से स्कूल बंद हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने क्षेत्र में 29 फरवरी तक बोर्ड परीक्षा भी टाल दी थी।