कानपुर। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनने का जो सपना लोगों ने देखा था वह अब साकार होने जा रहा है। इसकी शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भूमि पूजन कर कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे में गांव से लेकर शहर तक घर-घर पर जय श्रीराम गुंजायमान हो रहा है। मोहल्ले-मोहल्ले में लोगों ने कुछ-कुछ दूरी पर साउंड लगाकर भक्ति में डूबे हुए हैं और शाम को भव्य दीपोत्सव की तैयारी भी की जा रही है। वहीं मंदिरों में सुंदरकांड किया जा रहा और माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना हुआ है। हर व्यक्ति से एक ही शब्द निकल रहे आज वह समय आ गया जिसका वर्षों से इंतजार था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में बुधवार को श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कर रहे हैं। ऐसे में शहर हो या गांव हर जगह उत्साह, उमंग और उल्लास नजर आ रहा है। यहां मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है और शाम को भव्य दीपोत्सव की तैयारी की जा रही है। मंदिरों के साथ गली मोहल्लों के लोग अखंड रामायण का पाठ कर रहे हैं और अखंड रामायण का पाठ आज खत्म होने पर शाम को सुंदरकांड का भी पाठ किया जाएगा। पार्कों और गंगा घाटों पर भी दीप जलाए जाने की तैयारी है। घर-घर दीपावली जैसा उत्सव दिखेगा और आतिशबाजी भी होगी। शहर के प्रमुख मंदिरों में एक रावतपुर के रामलला मंदिर में श्रीराम के अभिषेक की तैयारी चल रही है। व्यवस्थापक राहुल सिंह चंदेल ने बताया कि यह कानपुर का एकलौता रामलला का मंदिर है जो सबसे पुराना है। यहां पर शाम को भव्य दीपोत्सव होगा और पूजा पाठ के बाद अयोध्या में भूमि पूजन को लेकर खुशी का इजहार किया जाएगा। वहीं महाराजपुर के सलेमपुर स्थित बाला जी मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया। अखंड रामायण का पाठ चल रहा है और जगह-जगह दीपों से जय-जय श्रीराम लिखा देख श्रद्धालु झूम रहे हैं। भक्तों में सवा क्विंटल लड्डू वितरण की तैयारी चल रही है। समन्वय सेवा समिति के संयोजक संतोष अग्रवाल ने बताया कि श्री रामलला के मंदिर निर्माण का उत्सव भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। आनंदेश्वर मंदिर के महामंडलेश्वर श्याम गिरि ने बताया कि मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। पांच सौ दीपों का दान किया जाएगा और 51 किलो लड्डू का वितरण होगा। पनकी हनुमान मंदिर के महंत जितेंद्र दास ने बताया कि मंदिर में सुंदरकांड का पाठ हुआ और शाम को दीपोत्सव के साथ हनुमान जी का शृंगार किया जाएगा।