कस्बा गोवर्धन स्थित जगतगुरु शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ के आश्रम में गुरुवार दोपहर पहुंचे असम सरकार के पर्यटन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ एवं प्रदेश उपाध्यक्ष असम खलीलुर्रहमान ने आयोजित हवन यज्ञ में आहूति दी। विशेष मुलाकात में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार दोबारा भारी बहुमत के साथ विजय हासिल करेगी।
असम के पर्यटनमंत्री जयंत मल्ल बरुआ एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा असम प्रदेश उपाध्यक्ष खलीलुर्रहमान गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। यहां पर उन्होंने जगतगुरु शंकराचार्य का आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कहा कि असम समेत पूरा पूर्वोत्तर भारत पुरी शंकराचार्य के सीमा क्षेत्र में आता है। वहां की पूरी जनता जगतगुरु का सम्मान करती है। उन्होंने बताया कि इस समय असम में कोई उग्रवाद नहीं है। वहां की सुख शांति की बहाली में शंकराचार्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में राज्य सरकार असम का तीव्र गति से विकास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष वहां फिर से भाजपा सरकार बनेगी।