भारतीय टीम ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है. रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने ग्रुप-ए के मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से पराजित किया. मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 175 रन बनाए. ये टारगेट जीत दिलाने के लिए काफी था. पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रनों पर ही सिमट गई.
भारतीय टीम की टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर ये 9 मैचों में 8वीं जीत रही. साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का क्रम 11 मैचों तक पहुंच चुका है. बता दें कि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने लगातार 8 मैच जीते थे. वहीं मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत ने अब तक तीनों मुकाबले जीते हैं. भारतीय टीम की पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी उतनी अच्छी नहीं रही, लेकिन गेंदबाजी कमाल की थी. भारत ने शुरु से ही पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर प्रेशर बनाया. भारतीय टीम के 5 बड़े कारण रहे.
♦ भारतीय टीम की जीत के सूत्रधार सलामी बल्लेबाज ईशान किशन रहे. भारत ने अभिषेक शर्मा का विकेट सस्ते में गंवा दिया था. इसके बाद ईशान किशन ने ही ताबड़तोड़ बैटिंग कर भारत को मोमेंटम प्रदान किया. ईशान ने 10 चौके और तीन छक्के की मदद से 40 बॉल पर 77 रन बनाए. ईशान ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप की, जिसमें तिलक का योगदान ना के बराबर था.

