रांची। कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा इंदिरा गांधी के नाम पर इतिहास का अधूरा पाठ पढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आपातकाल का एक अध्याय तो याद है, लेकिन संविधान और लोकतंत्र से जुड़े वर्तमान सवालों पर जवाब देने से बच रही है। कांग्रेस को उपदेश देने से पहले भाजपा अपने कार्यकाल का हिसाब दे।

दूबे ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति, विपक्ष की भूमिका, स्वतंत्र संस्थाओं की निष्पक्षता और नागरिक अधिकारों पर भाजपा का रवैया क्या है, यह बताना चाहिए। संविधान भाषणों का विषय नहीं, उसे शासन में लागू करना होता है। कांग्रेस ने आजादी आंदोलन से लेकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण तक अहम भूमिका निभाई है और वह अपने इतिहास के हर अध्याय पर चर्चा को तैयार है। लेकिन भाजपा भी अपने फैसलों का जवाब दे।

उन्होंने कहा कि आपातकाल की आड़ में मौजूदा सवालों से नहीं बचा जा सकता। भाजपा इतिहास के पन्ने पलटने के बजाय वर्तमान समस्याओं, जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक जवाबदेही पर चर्चा करे। लोकतंत्र किसी दल की जागीर नहीं, संविधान सर्वोपरि है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version