पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ विधायक और मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से पार्टी प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को हराने का संकल्प लिया है।
अनंत सिंह ने सोमवार को अपने पटना स्थित आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह ऐलान किया कि वे जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे और उनके लिए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करेंगे। इस दौरान जन सुराज के उम्मीदवार भी मौजूद थे। अनंत सिंह ने कहा, “आज तक हम हारे नहीं हैं। अनुज सिंह चुनाव भी जीत जाएंगे। मेरे लिए जनता ही भगवान है। अनुज सिंह के नामांकन में पूरा पटना भर जाएगा। गर्दा तैयारी किए हैं।”
‘नीरज कुमार के साथ मेरी लड़ाई निजी है’
अनंत सिंह ने साफ किया कि यह पार्टी का नहीं, बल्कि उनका और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला है। उन्होंने आरोप लगाया, “बेशक, नीरज कुमार के साथ मेरी लड़ाई निजी है। उन्होंने एक बार मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह आरसीपी सिंह खेमे में भी थे, जिसने मेरे मोकामा वाले घर में हथियार और विस्फोटक छिपाकर मेरे खिलाफ साजिश रची थी।”
उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर को अनुज सिंह का नामांकन है, जिसके लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। नामांकन के बाद वे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी इलाकों में जाकर अनुज सिंह के लिए वोट मांगेंगे।
नीरज कुमार ने दी करारा जवाब
अनंत सिंह के आरोपों पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि अगर उनके पास सबूत हैं तो वे कोर्ट जाएं। नीरज कुमार ने कहा, “मेरा जीवन पारदर्शी रहा है। कभी हम पर आरोप नहीं लगा। मैं ऐसा घिनौना काम नहीं कर सकता हूं। एके-47 रखवाने का प्रमाण है, तो कोर्ट जाओ। नार्को टेस्ट करवाना है तो भी कोर्ट में जाकर आवेदन दीजिए।”
क्यों भड़की दोनों नेताओं की पुरानी दुश्मनी?
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच की खाई 2015 के मोकामा विधानसभा चुनाव से शुरू हुई थी। तब JDU ने अनंत सिंह को टिकट नहीं दिया था और नीरज कुमार को मैदान में उतारा था। अनंत सिंह ने तब पार्टी से नाता तोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। 2019 में अनंत सिंह के मोकामा स्थित घर से एके-47 और रॉकेट लॉन्चर बरामद होने के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वे नीरज कुमार पर साजिश का आरोप लगाते रहे हैं।
बिहार MLC चुनाव का बढ़ा सियासी तापमान
पटना स्नातक सीट से JDU ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को चौथी बार मैदान में उतारा है। दूसरी ओर, जन सुराज पार्टी ने डॉ. अनुज सिंह को टिकट दिया है, जिन्हें अनंत सिंह का खुला समर्थन प्राप्त है।
अनंत सिंह की इस बगावत ने न केवल JDU के भीतर सियासी भूचाल पैदा किया है, बल्कि बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज कर दी है। अब देखने वाली बात होगी कि पार्टी आलाकमान अनंत सिंह की इस बगावत पर क्या कड़ा रुख अपनाता है, या फिर नीरज कुमार की उम्मीदवारी पर पुनर्विचार करता है। फिलहाल, अनंत सिंह ने यह साफ कर दिया है कि वे अब किसी की नहीं सुनने वाले और डॉ. अनुज सिंह को जिताने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे।

