Asian Games 2026 Cricket: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
अभिषेक और तिलक ने मचाया धमाल
भारत की जीत में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तूफानी पारियों का अहम योगदान रहा। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 3 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने महज 22 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए।
इसके अलावा कप्तान अय्यर ने 21, ईशान किशन ने 20 और शिवम दुबे ने 27 रन बनाए। संजू सैमसन 2 और वैभव सूर्यवंशी 15 रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान की ओर से अरफात मिन्हास और अहमद दानियाल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद और साइम अयूब को एक-एक सफलता मिली।
हसन नवाज की 96 रन की पारी बेकार
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को हसन नवाज ने जीत दिलाने की पूरी कोशिश की। उन्होंने 51 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। साइम अयूब ने 29 रन बनाए, जबकि कप्तान फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए।
भारत की ओर से अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट झटके। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और भारत ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने पुरुष क्रिकेट का ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। एशियन गेम्स 2026 में श्रीलंका का यह तीसरा मेडल है। इससे पहले रुमेश थरंगा पथिराज ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो में गोल्ड और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने सिल्वर मेडल जीता था।
महिला क्रिकेट में भी भारत ने जीता था गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट में भी भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया था, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
एशियन गेम्स 2026 मेडल टैली
पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 19 हो गई है। भारत के खाते में कुल 81 मेडल हैं, जिनमें 19 गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज शामिल हैं। मेडल टैली में चीन 327 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि भारत पांचवें स्थान पर है।
