वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई और बमबारी को फिलहाल रोक दिया गया है। ट्रंप का दावा है कि ईरान के साथ चल रही वार्ता सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है और दोनों पक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर समझौते के करीब पहुंच चुके हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी संदेश में ट्रंप ने कहा कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बातचीत के बाद उन्होंने सैन्य कार्रवाई को स्थगित करने का फैसला लिया। उनके अनुसार, समझौते की रूपरेखा तैयार करने को लेकर कई दौर की चर्चाएं हो चुकी हैं और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनने की संभावना बढ़ गई है।

ट्रंप ने बताया कि इस कूटनीतिक प्रक्रिया में अमेरिका के अलावा इजराइल, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, तुर्किये, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और मिस्र जैसे देशों ने भी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि वार्ता इसी तरह आगे बढ़ती रही तो जल्द ही किसी बड़े समझौते की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लागू नौसैनिक नाकाबंदी फिलहाल जारी रहेगी और अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होने तक इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के लिए खुला और सुरक्षित है। सेंटकॉम के अनुसार, जो जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं, वे सामान्य रूप से इस समुद्री मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों में सैकड़ों वाणिज्यिक जहाज सुरक्षित रूप से इस मार्ग से गुजर चुके हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version