गिरिडीह के तिसरी में कार्यकर्ताओं के साथ की टिफिन बैठक
आजाद सिपाही संवाददाता
गिरिडीह। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रविवार को गिरिडीह जिलांतर्गत तिसरी स्थित वर्णवाल धर्मशाला में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री मरांडी ने कहा कि टिफिन बैठक हमारी कार्यपद्धति का अंग है। ऐसी ही छोटी छोटी बैठकों में संपर्क, संवाद और समर्पण के माध्यम से भाजपा सर्वव्यापी, सर्व स्पर्शी, सर्व समावेशी बनी है। टिफिन बैठकों से समाज में समरसता को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि मजबूत भाजपा से ही विकसित झारखंड के स्वप्न को साकार किया जा सकता है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। देश की बुनियादी सुविधाओं में गुणात्मक सुधार हो रहे। अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही। स्वावलंबी भारत बनाने के लिए देश की युवाशक्ति को लगातार अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। कहा कि विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिष्ठित किया जा रहा। दुनिया भारत के सांस्कृतिक गौरव को फिर से महसूस करने लगी है। कहा कि एक तरफ भारत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री लगातार परिश्रम कर रहे, वहीं झारखंड के सत्ताधारी नेताओं ने झारखंड को लूटखंड बना दिया है। राज्य सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा करना नहीं, बल्कि झारखंड की संपदा को लूटना और लुटवाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के साथ आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में देश और प्रदेश में मजबूत भाजपा सरकार बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया। श्री मरांडी ने मोदी सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बहुत ही अच्छा काम किया है। कई तरह की योजनाओं भारत सरकार द्वारा चलायी जा रही हैं। पुन: मोदीजी की सरकार केंद्र में बननी तय है। बाबूलाल मरांडी बहुत ही अच्छे नेता हैं। इनका कार्यकाल बहुत ही अच्छा रहा है। संगठन को इसका काफी लाभ मिलेगा। इसके पूर्व बेलकुशी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया। श्री मरांडी ने बेलकुसी मंदिर में माथा टेका। बेलकुशी से बाइक सवार सैकड़ों कार्यकर्ता बाबूलाल मरांडी के जत्थे में शामिल होकर तिसरी वर्णवाल धर्मशाला तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



