रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांटाटोली के वासुदेव नगर स्थित एक अपार्टमेंट से आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अमरजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कांटाटोली के वासुदेव नगर स्थित रिबुलेन इनफ्लेक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक, फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक जमा हुए हैं। आशंका जताई गई थी कि वे किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक केवी रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फ्लैट में छापेमारी की और अमरजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
तीन थानों में पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमरजीत कुमार सिंह मूल रूप से चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला है। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नौडीहा बाजार थाना में वर्ष 2022, हरिहरगंज थाना में वर्ष 2022 और राजपुर थाना में वर्ष 2025 में मामले दर्ज हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 193/2026 के तहत 1 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में डीएसपी केवी रमण, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।


