रांची। झारखंड में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर भू-माफियाओं की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। अपनी पुश्तैनी जमीन पर खून-पसीने की कमाई से बनाए गए नए घर में कथित तौर पर भू-माफियाओं और दबंगों ने ताला जड़ दिया है। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने पीड़ित परिवार के पक्ष में आवाज उठाते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा है। उन्होंने मामले की जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि पीड़ित परिवार की पल्लवी दत्ता राय, संदीप हुर की पत्नी, उनके दिव्यांग पति और बुजुर्ग परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की गई है। आरोप है कि नामकुम थाने की पुलिस भू-माफियाओं के सामने प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बनी रही।

दस्तावेज और बंटवारा डीड होने के बावजूद कब्जे का आरोप

मरांडी के अनुसार, 85 वर्षीय बुजुर्ग ससुर के नाम पर पुश्तैनी जमीन के कागजात, आजादी से पहले के दस्तावेज और बंटवारा डीड मौजूद हैं। इसके बावजूद संदीप गाड़ी और मनोज पांडेय जैसे कथित भू-माफियाओं का कब्जे का प्रयास जारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर खानापूर्ति करती है और उसके जाते ही दबंग जेसीबी लेकर जमीन पर कब्जा जमाने पहुंच जाते हैं।

पुलिस प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल

बाबूलाल मरांडी ने सरकार से सवाल किया कि आखिर किसके संरक्षण में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं? उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कथित मिलीभगत और पूरे मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी अपनी पुश्तैनी जमीन और घर की सुरक्षा नहीं कर सकता, तो फिर इस सरकार में न्याय और कानून-व्यवस्था की उम्मीद किससे की जाए? मरांडी ने राज्य सरकार से पूरे मामले की जल्द निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version